मऊ (चित्रकूट)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई। दो भाई गंभीर घायल हैं।
मऊ के अहिरी बालापुर निवासी बच्चीलाल ने बताया कि बुधवार की सुबह उसका पुत्र शिवम (16) अपने छोटे भाई सत्यम (14) व चचेरे भाई मंटू (14) के साथ घर पर बिना बताए बाइक लेकर मऊ की ओर निकल गए थे। हाईवे के कस्बा स्थित डिग्री कालेज के पास पहुंचे तभी कर्वी की ओर जा रहे बोलेरो चालक ने पीछे से बाइक पर टक्कर मार दी। इसके बाद मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से तीनों भाइयों को सीएचसी भेजा।
यहां डाॅक्टर ने सत्यम को मृत घोषित कर दिया। शिवम व मंटू को गंभीर दशा के चलते प्रयागराज रेफर किया है। सत्यम कक्षा दस में पढ़ता था। मां मालती देवी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। उसके पिता ने बताया कि वह बच्चों को बाइक चलाने को नहीं देता लेकिन वह बिना बताए सुबह बाइक लेकर चले गये थे।