भरतकूप(चित्रकूट)। भरतकूप क्षेत्र के गोड़ा गांव के बीडरपुरवा में एक सप्ताह से बिजली की आपूर्ति बाधित है। इससे भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं। जिलाधिकारी को लिखे गये पत्र में आरोप लगाया है कि भरतकूप कस्बे के पास बन रहे बुंदेलखंड एक्सप्रेस में लगे वाहनों के चालकों ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को तोड़ दिया है। इससे आपूर्ति बाधित है।
भरतकूप क्षेत्र के गोड़ा गांव के बीड़रपुरवा के निवासी राजकुमार वर्मा, राजेंद्र कुमार, बबलू, अभय त्रिपाठी, चुन्नू राम, पप्पू, मुन्ना ज्ञानी, राजेश कुमार ने जिलाधिकारी को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि जानबूझ कर बिजली का खंभा तोड़े जाने से एक सप्ताह से लोगों को बिना बिजली के ही रहना पड़ रहा है।
कूलर, पंखे न चलने के कारण गर्मी से बुरा हाल है। बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मौके पर कर्मचारी को भेजकर बिजली की आपूर्ति चालू कराई जाएगी।