चित्रकूट। दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कर्वी तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। इसमें दुष्कर्म आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
भीम आर्मी जिला संयोजक संजय कुमार गौतम ने बताया कि मानिकपुर थाना अंतर्गत सरैया चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से दो माह पूर्व दुष्कर्म हुआ था। पुलिस ने घटना के आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया, लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। आरोपी पीड़िता और उसके परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।
कहा कि तीन दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो भीम आर्मी न्याय के लिए विशाल प्रदर्शन को बाध्य होगी। आजाद समाज पार्टी जिला अध्यक्ष कुंवर सिद्धार्थ, श्रीपाल प्रजापति, कोमल सूर्यवंशी, राजकरण वर्मा , मनीष विश्वकर्मा, मेहराज प्रजापति, दिनेश कुमार सनेही, बाबूलाल यादव व अर्जुन कश्यप आदि मौजूद रहे।