चित्रकूट। भगवान राम की कथा से संबंधित क्षेत्रों का टूर विशेष ट्रेन से कराया जा रहा है। इसके लिए विशेष रामकथा यात्रा टूर निकला है। यह यात्रा रूपी विशेष ट्रेन शनिवार को धर्मनगरी पहुंचेगी और एक दिवसीय प्रसिद्ध संत मोरारी बापू की राम कथा होगी। इस ट्रेन व संत के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं ने स्टेशन परिसर से लेकर कथा स्थल को सजाया है।
भारत सरकार की ओर से रेल विभाग ने एक भारत गौरव डीलक्स एसी ट्रेन का संचालन किया है। उत्तर मध्य रेलवे के पीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि दिल्ली से शुरु होकर यह ट्रेन भगवान राम जहां जहां गए वहां से होते हुए पांच नवंबर को दिल्ली पहुंंचेगी। यह ट्रेन शुक्रवार 24 अक्तूबर को दिल्ली से रवाना हो चुकी है।
इसमें विशेष रूप से कथा वाचक मोरारी बापू व उनकी टीम रहेगी। जिन स्थानों पर भगवान राम से जुड़े संस्मरण हैं वहां पर मोरारी बापू चार घंटे की विशेष कथा सुनाएंगे। यह ट्रेन चित्रकूट , प्रयागराज, अयोध्या होकर रामेश्वरम तक जाने के बाद लौटकर दिल्ली पहुंंचेगी। चित्रकूट में 25 अक्तूबर शनिवार की सुबह यह ट्रेन पहुंंचेगी और 12 घंटे तक रुकेगी। इसी दौरान सती अनुसूइया आश्रम के पास संत मोरारी बापू की कथा भी होगी।
तीन नवंबर को मानिकपुर पहुंचेगी विशेष ट्रेन
चित्रकूट। भारत गौरव ट्रेन का दिल्ली से चलने के बाद सबसे पहले 12 घंटे का ठहराव चित्रकूट में होगा। जहां भी भगवान राम से जुड़े संस्मरण हैं वहां पर स्टेशन पर विशेष ट्रेन को अलग प्लेटफार्म पर रुकेगी। स्टेशन से विशेष बसों से कथा वाचक व उनकी टीम के लगभग दो सौ सदस्य धार्मिक क्षेत्र पहुंचेंगे। वैसे रामकथा यात्रा टूर की यह ट्रेन झांसी, महोबा, बांदा, चित्रकूट, सतना, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक, शोलापुर व विजयपुरा से रामेश्वरम तक जाएगी। फिर इसी रास्ते लौटकर दिल्ली पहुंचेगी। जिसमें तीन नवंबर को यह मानिकपुर पहुंचेगी। इसमें कुल छह टूरिस्ट हाल्ट भी है वहां 12 घंटे का ठहराव होगा और श्रीराम कथा होगी। संवाद