चित्रकूट। बुंदेलखंड में खनिज माफिया और पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत का पुराना गठजोड़ एक बार फिर उजागर हुआ है। नदियों से बालू खनन और खनिज सामग्री के परिवहन में अवैध वसूली के खेल ने पूरे क्षेत्र की छवि धूमिल कर दी है। ताजा मामला चित्रकूट जिले का है, जहां ट्रकों से पुलिसकर्मियों द्वारा वसूली करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में लंबे समय से खनिज और बालू के अवैध कारोबार को लेकर शिकायतें उठती रही हैं, लेकिन इस बार सीधे पुलिसकर्मी कैमरे में कैद हो गए हैं।
बुंदेलखंड के चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर और झांसी जिलों में नदियों से बालू-मौरंग खनन का कार्य बड़े पैमाने पर होता है। इनमें कई व्यापारी शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हैं, वहीं कुछ व्यापारी अवैध खनन कर प्रशासन और पुलिस के संरक्षण में मुनाफा कमाते हैं।
महोबा में भी उजागर हुआ था पुलिस वसूली का मामला
वर्ष 2020 में महोबा में खनिज व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी ने एक वीडियो जारी कर तत्कालीन एसपी मणिलाल पाटीदार पर हर माह छह लाख रुपये की अवैध वसूली की मांग का आरोप लगाया था। वीडियो वायरल होने के कुछ ही दिन बाद व्यापारी को गोली मार दी गई थी। कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
इसके बाद व्यापारी के भाई रविकांत त्रिपाठी ने कबरई थाने में एसपी मणिलाल पाटीदार के खिलाफ हत्या और वसूली का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले के उजागर होने के बाद एसपी फरार हो गए थे, जिन पर बाद में एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। कई व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाए थे कि पाटीदार खुलेआम वसूली करते थे और इसके लिए पुलिस वर्दीधारियों, दलालों और गुंडों की मदद लेते थे।
चित्रकूट में दोहराई गई कहानी
अब चित्रकूट में वायरल हुए ताजा वीडियो ने एक बार फिर खाकी के दामन पर दाग लगा दिया है। वीडियो में पुलिसकर्मी ट्रकों से धन वसूली करते दिखाई दे रहे हैं। इससे विभागीय ईमानदारी और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो गए हैं।
माकपा के जिला सचिव रुद्र प्रसाद मिश्रा का कहना है कि पुलिसकर्मी तो मात्र प्यादे हैं, जबकि असली गठजोड़ बड़े पुलिस अधिकारियों और सफेदपोश नेताओं के बीच है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।