फोटो 17 सीकेटीपी 13 ओरा गांव के जर्जर संपर्क मार्ग से निकलती स्कूली बस। संवाद
पहाड़ी (चित्रकूट)। ब्लॉक में बशहर पिलखिनी से ओरा गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग जर्जर हो गया है। सड़क जगह-जगह से टूटकर बड़े गड्ढों में बदल गई है। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कत होती है।
यह सड़क कई सालों से बदहाल है। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे सड़क तालाब जैसी दिखती है और हादसे का खतरा बढ़ जाता है। स्कूली बसें भी यहां से गुजरती हैं। ओरा निवासी विमल राजपूत ने बताया कि सड़क की दुर्दशा पर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की गई। सांसद, विधायक, ब्लॉक प्रमुख और पीडब्ल्यूडी विभाग को पत्र भेजे गए, लेकिन आज तक मरम्मत नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से अधिकारी और नेता भी गुजरते हैं, फिर भी इसकी अनदेखी हो रही है। जनप्रतिनिधि चुनाव के समय बड़े वादे करते हैं, पर जीतने के बाद ध्यान नहीं देते। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।