चित्रकूट। जिले के मुख्य स्टेट बैंक आफ इंडिया की मुख्यालय स्थित प्रमुख शाखा में कैश न होने से बडे़ भुगतान नहीं किए गए। बैंक अधिकारियों का कहना है कि आरबीआई से जब कैश आएगा तभी बडे़ भुगतान होंगे। इसकी कोई तारीख तय नहीं है। बैंक के कैश भुगतान न करने से व्यापारियों के साथ बड़ा संकट आ गया है। अपने ही जमा किए रुपये लेने के लिए खाताधारकों को बैंक कर्मचारियों की मिन्नतें करनी पड़ रही हैं। अधिकतम दस हजार रुपये तक ही कैश दिया गया।
कोरोना काल में जहां जिले के बाशिंदे कई परेशानियां झेल रहे हैं। वहीं अब तो बैंक भी उनकी ही जमा पूंजी नहीं दे रहा है। जब नगद रुपये नहीं निकलेंगे तो खाने की वस्तु कहां से लाएंगे। अपने परिवार के बच्चों का इलाज कहां से कराएंगे। गुरुवार को स्टेट बैंक में लाइन लगी रही जहां रुपये निकालने के लिए आए सपहा गांव के राजेश पटेल, खोह गांव के राजू तिवारी, लोढवारा गांव के सुनील कुमार आदि ने बताया कि परिवार में शादी है। जिसके लिये रुपये की सख्त जरूरत है। कु छ ही रुपये दे दो इसके बाद भी रुपये नहीं दिए गए। सभी से कहा जा रहा है कि जाओ आनलाइन भुगतान करो नगद कैश नहीं है।
जिले के थोक बडे़ व्यापारी राजीव अग्रवाल, शिवमंगल सिंह आदि ने बताया कि तीन दिन से स्टेट बैंक दो लाख रुपये से ज्यादा नगद का भुगतान नहीं कर रहा था। अब बृहस्पतिवार को सभी व्यापारियों से कह दिया कि कैश खत्म हो गया है कोई भुगतान नहीं होगा। व्यापारियों ने कहा कि बाहर से आने वाले किसानों को लाखों रुपये का नगद भुगतान किया जाना है इसके लिए बैंक गए तो लौटा दिया गया है। किसान के साथ ही व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। किसानों के घर में शादियां हैं लॉकडाउन में वैसे भी अनाज बेचकर परिवार पालने को नगद रुपये लेने के लिए आया लेकिन अब बैंक से नगद नहीं मिल रहा है।
यह विभागीय मामला है बता नहीं सकते
पूरे मामले में जब स्टेेट बैंक आफ इंडिया कर्वी शाखा के प्रबंधक धर्र्मेंद्र कुमार से संपर्क का प्रयास किया गया तो उनका फोन नंबर नहीं लगा। उप प्रबंधक विजय कुमार से बातचीत हुई तो उन्होंने कहा कि हां कैश नहीं है इसलिए भुगतान नहीं हो रहा है। आरबीआई रुपया भेजेगी तभी होगा। इसके लिए पत्राचार किया गया या नहीं अथवा कब तक यह परेशानी हो सकती है आदि के सवालों पर उन्होंने कहा कि आगे कुछ भी नहीं बता सकते यह विभागीय मामला है। बैंक कांउटर पर कुछ कर्मचारियों और गेट पर सुरक्षाकर्मी द्वारा ग्राहकों से अभद्रता कर सही जवाब न देने के सवाल पर उन्होंने कहा यह सही नहीं है।