रामनगर(चित्रकूट)। इटवां गांव की गोशाला के पास मंगलवार शाम पांच गोवंश मृत मिले। पता चलते ही ग्रामीण पहुंच गए। अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। दूसरी ओर प्रधान व सचिव का कहना है कि मृत गोवंश उनकी गोशाला के नहीं हैं।
इटवां गोशाला के पास पांच गोवंश मृत मिले हैं। स्थानीय रूप कुमार, सत्यनारायण व चुनबाद ने बताया कि चार दिन पहले भी इसी गांव में दो गोवंश मृत मिले थे। आरोप लगाया कि गोशाला में सही इंतजाम न होने से अक्सर गोवंशाें की मौत हो रही है। इधर, जानकारी मिलने पर मऊ एसडीएम नवदीप शुक्ला ने जांच टीम को मौके पर भेजा।
बीडीओ धनंजय सिंह व पशु चिकित्सकों की टीम पहुंची। ग्राम प्रधान मनोज कुमार व सचिव आशीष कुमार सिंह ने बताया कि उनके गोशाला के सभी गोवंश सुरक्षित हैं। इसके बाद टीम ने गोशाला से कुछ दूरी पर पांच गोवंश मृत पाए। एसडीएम ने बताया कि जांच टीम की रिपोर्ट मिली है, जिसमें बताया गया है कि गोशाला में सभी लगभग 200 गोवंश सुरक्षित हैं। जंगल के पास कुछ मृत गोवंश मिले हैं जो गोशाला के नहीं हैं। उनका पोस्टमार्टम कराकर दफनाया गया है। गोशाला में व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
सदर ब्लाक क्षेत्र के भरथौल गांव की गोशाला के पास मृत मिले 12 गोवंशों के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई है। गांव में चर्चा है कि इसी गोशाला के गोवंश हैं लेकिन प्रधान व सचिव का दावा है कि आसपास के गांव की गोशाला के गोवंश लाकर यहां फेंके गए हैं। 12 गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया गया है। इस मामले में डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने एडीएम को जांच दी है। बुधवार को एडीएम कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि जरूरी सरकारी काम के कारण वह जांच के लिए नहीं जा सके हैं। गुरुवार को मौके पर जाकर पूछताछ करेंगे।
(संवाद)