खोही (चित्रकूट)। मध्यप्रदेश के चित्रकूट के बरौंधा थाने के बकोट गांव में खेत के पास बने पुरवा में सो रहे मां-बेटे पर कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी लगने से मां की मौत हो गई, जबकि बेटे की हालत गंभीर है। उसे सतना अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है। बेटे ने गांव के एक परिवार के खिलाफ तहरीर दी है।
बकोट गांव निवासी राजकुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार की रात घर से खाना खाने के बाद मां मिनता वर्मा (60 ) और छोटा भाई लखन वर्मा (25) खेत के पास स्थित पुरवा में सोने गए थे। गांव के ही एक परिवार ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मां और भाई के चिल्लाने की आवाज सुनकर कई ग्रामीण पहुंचे तो लहूलुहान देख उसे जानकारी दी। दोनों को देर रात अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में मां की मौत हो गई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य गांव में बने घर में थे। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। कुल्हाड़ी घटना स्थल से कुछ दूरी पर पाई गई है।
राजकुमार ने बताया कि गांव के एक परिवार से उनकी दुश्मनी है। उन्हीं लोगों ने ही मां व भाई पर हमला किया है। बरौंधा थानाध्यक्ष अभिनव सिंह ने बताया कि रविवार को तीन डाक्टरों के पैनल ने मिलकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले का खुलासा करने में जुट गई है। कुछ युवकों व महिलाओं को पकड़कर पूछताछ भी की जा रही है ।