चित्रकूट। चुनाव आयोग के निर्देश पर शनिवार को जिले में बूथों पर आयोजित विशेष मतदाता पुनरीक्षण शिविर में मिला-जुला असर दिखा।
कहीं बूथों पर युवाओं की भीड़ उमड़ी तो कहीं बूथों पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। जिन बूथों पर लोग पहुंचे, उन्होंने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरकर औपचारिकताएं पूरी कीं।
आयोग ने 17 अक्तूबर और 24 अक्तूबर को जिले की विधानसभा क्षेत्र चित्रकूट और मऊ-मानिकपुर के बूथों पर विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए थे। शनिवार को संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने चित्रकूट विधान सभा क्षेत्र के शहरी बूथों का जायजा लिया।
टीम सबसे पहले श्री गंगाजी जनसेवा इंटर कॉलेज गई। यहां पर पांच बूथ बने थे। इनमें बूथ संख्या 427, 428, 429, 430 और 431 शामिल हैं। यहां सुबह से ही मतदाताओं का आना-जाना लगा रहा।
बूथ संख्या 429 के बीएलओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनके बूथ पर शंकरगंज मोहल्ला निवासी उर्मिला, रिंकी, सुमन, गुड्डन और काजल ने फार्म-6 के तहत नया नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया। बूथ संख्या 427 की बीएलओ सरस्वती ने बताया कि उनके यहां राहुल और प्रेमा के फार्म-6 आए। नाम संशोधन के लिए फार्म-8 के तहत मीना, कुमारी और संजीव ने आवेदन किया।
बीएलओ प्रेमलता ने बताया कि उनके पास भी फार्म-6 के दो आवेदन आए हैं। इसी केंद्र पर मुन्ना लाल प्रजापति अपनी बहू का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पहुंचे। वहीं, इससे उलट तस्वीर शहर के धनुष चौराहे के पास स्थित कंपोजिट स्कूल मतदान केंद्र में देखने को मिली। यहां कुल 6 बूथ थे, जिनके नंबर 432, 433, 434, 435, 436 और 437 हैं। यहां तैनात बीएलओ लेखपाल, पुष्पा सोनी, गौरा देवी, प्राण साहू, अशोक कुमार और युवराज सिंह दोपहर तक मतदाताओं का इंतजार करते रहे।
बीएलओ लेखपाल ने बताया कि दोपहर दो बजे तक उनके बूथ पर एक भी फार्म जमा करने कोई नहीं पहुंचा। बीएलओ पुष्पा देवी ने बताया कि एक युवक से मोबाइल पर बात हुई है, जो कुछ देर में फार्म जमा करने आएगा। अन्य बूथों पर भी स्थिति लगभग एक जैसी रही।
पूर्व सभासद रमेश सोनी ने बताया कि इन दिनों नवरात्र पर्व चल रहा है, जिससे लोग व्यस्त हैं। साथ ही जागरूकता के अभाव में बूथों पर सन्नाटा पसरा है।
-
अफसरों ने एसआईआर अभियान का लिया जायजा
राजापुर (चित्रकूट)। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह ने तुलसी इंटर कॉलेज में चल रहे अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ संख्या एक से चार तक का जायजा लिया। चारों बूथों पर बीएलओ नीतू, ऊषा, आरिफ और पूजा उपस्थित मिलीं।
डीएम ने निर्देश दिया कि ऐसे पात्र मतदाताओं को चिन्हित किया जाए जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है। विशेष रूप से महिला मतदाताओं का अनुपात बढ़ाने पर जोर देते हुए उन्होंने ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने को कहा। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर रोज कम से कम 25 फॉर्म भरवाने का लक्ष्य दिया।
बूथों पर फॉर्म-6, 7, 8 उपलब्ध हैं। डीएम ने 18 साल पूरे कर चुके छात्रों के नाम जोड़ने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया। 24 अक्तूबर को विशेष अभियान चलाने को कहा। (संवाद)