बारिश के साथ बिजली गिरने से एक और किसान की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इसके अलावा रविवार को बिजली से मृत नौ लोगों का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम खेत से लौट रहे मऊ के बरियारीखुर्द के किसान रामधीरज पुत्र पाले निषाद की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
देर रात तक उसके घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। सोमवार सुबह जब परिजन खेत पहुंचे तो रामधीरज वहीं मृत अवस्था में मिला। सूचना पर पुलिस पहुंची। मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री है। इसके अलावा भरतकूप के गाेंडा गांव में भी रविवार देर रात बिजली की चपेट में आने से घर के बाहर बैठा किसान रामानंद पुत्र शिवनाथ झुलस गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं मारकुंडी थाना क्षेत्र के किहुंनिया गांव में सोमवार शाम बिजली गिरने से घर के बाहर मौजूद किसान ठाकुर (30) और नत्थू (35) झुलस गए। जानकारी होते ही प्रधान विनय कुमार ने दोनों को निजी वाहन से सीएचसी में भर्ती कराया।
गौरतलब है कि रविवार को बिजली की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हुई थी। शुक्रवार शाम बिजली से आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इस प्रकार बिजली से मरने वालों की संख्या 18 पहुंच गई है। सभी झुलसे लोगों का इलाज जारी है।
सोमवार को सदर विधायक वीरसिंह पटेल, मानिकपुर विधायक चंद्रभान सिंह, पूर्व विधायक दिनेश मिश्रा, बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के संयोजक सुरेश मिश्र के अलावा सभी राजनैतिक दलों के नेताओं ने पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया।