मऊ। थाना क्षेत्र के अहिरी गांव निवासी लापता युवक के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने झांसीपुर-मिर्जापुर हाईवे पर जमा लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस करीब एक घंटे तक जाम खुलवाने में परेशान रही। युवक को जल्द खोजने के आश्वासन के बाद जाम खुला। पुलिस ने युवक के चार साथियों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की है।
अहिरी निवासी गोलिनिया देवी ने बताया कि बेटा शिवसागर उर्फ मिथुन (30) नौ मई को अहमदाबाद जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। इस पर खोजबीन की तो पता चला कि मोहनी निवासी नीरज रैदास के लालता रोड स्थित नलकूप पर शराब पार्टी हुई थी। उसके बाद बेटे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी।
मां ने उसके चार दोस्तों पर अपहरण का आरोप लगाया था। बेटे का पता न लगने और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने शनिवार की दोपहर को झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर बांस बल्ली रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना प्रभारी दुर्गविजय सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। थाना प्रभारी ने बताया कि गुमशुदगी को अपहरण में तरमीम कर दिया गया है। नीरज, सुक्खू रैदास, लालता रोड निवासी रज्जन और अहिरी निवासी अनूप रैदास के नाम रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनकी तलाश की जा रही है।