उप कृषि निदेशक जगदीश नारायण ने किसानों को बताया कि शासन की ओर से दी जाने वाली योजनाओं के लाभ के लिए किसानों को आनलाइन रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है। इसके लिए सभी किसान अपने ब्लाक और मुख्यालय में कृषि विभाग कार्यालय में आकर अपना आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराएं। इस दौरान उन्होंने किसानों को अपना मोबाइल नंबर देकर बताया की किसान भाई फोन करके अपनी जो भी समस्या हो। उनसे बात करके समस्या का समाधान पा सकते हैं।
जिला उद्यान अधिकारी राकेश कुमार ने बुंदेलखंड और विंध्य उद्यानिक योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसान इस योजना के लिए आवेदन कर सकता है। जिसमें लाभार्थी को एक हेक्टेयर सिंचित कृषि भूमि में फलदार पौधों का बाग लगाना होगा। जिस पर विभाग एक हेक्टेयर पर तीन साल तक प्रति माह तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देगा। उन्होंने बताया कि किसान ओर भी योजनाओं की जानकारी व फायदा लेने के लिए जिला उद्यान कार्यालय में आकर जानकारी ले सकते हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. एनके गहलोत ने सूखे के हालातों में अन्ना पशुओं की समस्याओं से परेशान किसानों से कहा कि प्रशासन की ओर से कांजी हाउस बनवाए जा रहे हैं। जिससे किसानों को अन्ना पशुओं से निजात मिलेगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए किसानों को चारे का बीज भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
डा. सरस्वती ओझा ने किसानों को पशुओं की बीमारी से संबंधित जानकारी दी। इफ्को के जिला प्रभारी रामरतन ने किसानों को खाद से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि खेती मेें अच्छी पैदावार पाने के लिए बेहतर खाद का प्रयोग करें। उन्होंने बताया किसान विभाग के केंद्रों से खाद प्राप्त कर सकते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां से आए डा. विजय गौतम ने किसानों को वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेती में उपज बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक विधि का प्रयोग करना चाहिए। मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक सुरेश कुमार बताया कि सूखे के चलते इस बार तालाबों में पानी नहीं है।
ऐसे में किसानों के तालाबों मेें डाले गए मछली के बच्चे मर गए है। इस पर विभाग ने जिले के पट्टा धारक 15 किसानों को आपदा राहत राशि की चेक दी हैं। उन्होंने किसानों को मत्स्य पालन के बारे में जानकारी दी। विभाग के इंस्पेक्टर धर्म प्रसाद ने मत्स्य पालन में बरती जाने वाली सावधानी के बारे में बताया।
कृषि पर्यवेक्षक रमेश कुशवाहा ने भी किसानों को विभागीय जानकारी दी। जिलापूर्ति अधिकारी सुनील कुमार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के बारे में और क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक देवी प्रसाद विश्वकर्मा ने ग्रामीणों से राशन सामग्री के बारे में जानकारी लेते हुए बताया कि किसी को भी राशन पाने में समस्या हो तो वह विभाग में शिकायत करें।