चित्रकूट। शराब कारोबारी और उसकी महिला मित्र की हत्या के आरोपी स्कूल संचालक की पांच दिन की रिमांड पूरी होने के बाद सोमवार को पुलिस ने उसे सतना जेल भेज दिया है। इसके अलावा पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद हत्यारोपी के दो रिश्तेदारों को जेल और नाबालिग पुत्र को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
सतना एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि अदालत से आरोपी की पांच दिन की रिमांड मिलने पर कई राज उजागर हुए हैं। मामले की पूरी जांच पड़ताल हो गई है। इसके बाद आरोपी को सतना जेल भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान जो तथ्य सामने आए हैं, उसमेें हत्यारोपी के नाबालिग पुत्र समेत दो अन्य रिश्तेदारों को भी साजिश करने के आरोप में पकड़ा गया है।
पुलिस ने सतना से राजापुर तक के कई स्थानों की सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुबूत एकत्र किए हैं। जिसमें यह पता चला है कि आरोपी डबल मर्डर करने के बाद अपनी कार कर्वी में छोड़कर वहां से एक वाहन बुक कर पहाड़ी, राजापुर फिर प्रयागराज गया था।
गौरतलब है कि 17 जनवरी की दोपहर को हमीरपुर निवासी शराब कारोबारी अनुज दीक्षित व सतना निवासी प्रिया सिंह की नया गांव थाना क्षेत्र के गुप्त गोदावरी से सेमरिया मोड़ के बीच सतना निवासी स्कूल संचालक पुष्पराज सिंह ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हत्या के पीछे मुख्य कारण यह निकलकर आया है कि प्रिया पहले हत्यारोपी के स्कूल में पढ़ाती थी। इसके बाद अपरिहार्य कारणों से उसने स्कूल छोड दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हत्यारोपी के कई राज प्रिया जान गई थी। उसकी हरकतों के चलते ही उसने स्कूल छोड़ा था, पुष्पराज को यह बर्दाश्त नहीं हुआ।
इधर, प्रिया की शराब कारोबारी अनुज दीक्षित से दोस्ती भी हत्यारोपी को अच्छी नहीं लगती थी। इसे लेकर उसकी कई बार प्रिया से मारपीट भी हुई थी। हत्या के बाद 20 जनवरी को पुष्पराज ने सतना थाने में आत्मसमर्पण कर दिया था।