दोहरे हत्याकांड का आरोपी हत्या करने के बाद चित्रकूट के रास्ते पर कार में लगे खून के धब्बे साफ करत?
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/खोही। शराब कारोबारी व उसकी महिला मित्र की हत्या के मामले में वायरल वीडियो में आरोपी पुष्पराज सिंह हत्याकांड के बाद मंदाकिनी किनारे कार में लगे खून के धब्बे साफ करता दिख रहा है। दावा किया गया कि इसके बाद आरोपी प्रयागराज भागा था। उधर, पुलिस टीम ने सतना रेलवे कालोनी की झाड़ियों से छह कारतूस और नजीराबाद के पास सड़क किनारे से तमंचे का बोल्ट बरामद किया है।
पुष्पराज के रिमांड के चौथे दिन पुलिस ने उसके दो अन्य सहयोगियों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाकर पूछताछ की। रविवार को आरोपी पुष्पराज का मंदाकिनी नदी किनारे कार में लगे खून के धब्बे साफ करने का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस के अनुसार यह वीडियो आरोग्यधाम व जानकीकुंड के आसपास का है। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज में उसकी यह हरकत कैद हो गई है। कमर में रिवाल्वर लगाए पुष्पराज कार की सफाई कर आगे बढ़ता है।
नया गांव थाना प्रभारी आरबी त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो में हत्यारोपी पुष्पराज सिंह और उसकी कार ही लग रही है। इसे जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद हत्या के मामले की रिपोर्ट में इसे शामिल किया जाएगा। गौरतलब हो कि 17 जनवरी को हमीरपुर के शराब कारोबारी अनुज दीक्षित व उसकी महिला मित्र सतना निवासी प्रिया सिंह की नया गांव थाना क्षेत्र के गुप्त गोदावरी के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने प्रिया के परिजनों की तहरीर पर पड़ोसी स्कूल संचालक पुष्पराज सिंह को पकड़कर अदालत से पांच दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। रिमांड के चौथे दिन जांच टीम ने हत्यारोपी के स्कूल के कर्मचारी विवेक और रिश्तेदार/कर्मचारी विकास सनी को थाने बुलाकर पूछताछ की। सतना एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि इन दोनों को पुष्पराज ने रिवाल्वर की छह कारतूस व बोल्ट दिया था, जिसे इनकी निशानदेही पर अलग अलग स्थान से बरामद कर लिया गया है।