चित्रकूट। नया गांव चित्रकूट थाना अंतर्गत 47 भैसों से भरा एक ट्रक सोमवार को यूपी- एमपी सीमा के गढ़ीवा गांव के निवासियों ने पकड़ा लिया। इसके बाद भैंस सहित ट्रक को पुलिस को सौंप दिया। इस मामले में देर शाम को पुलिस ने दो आरोपियों को भी पकड़ लिया। इनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यूपी क्षेत्र के मनका- बरगढ़ क्षेत्र से चोरी कर भैंसों को एक ट्रक में ले जाने की जानकारी पर मप्र सीमा क्षेत्र के गढीवा के पास कुछ ग्रामीणों ने ट्रक को रुकवाया लिया। भीड़ देखकर ट्रक छोडकर उसमें मौजूद दो लोग भाग निकले। सूचना पर नया गांव थाना प्रभारी डीआर शर्मा मय फोर्स पहुंचे और ट्रक को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद भागे आरोपियों की तलाश शुरु की गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि रात लगभग पौने आठ बजे यूपी सीमा के पास ही जबलपुर के आधारताल इमलिया निवासी नितिन सेन व जबलपुर के पनागर भठ्ठा मोहल्ला निवासी पवन वर्मन को पकड़ा गया है। बताया कि इसमें 45 भैंस व दो भैंस के बच्चे हैं। दोनों आरोपी पशुओं को ले जाने का कोई कागजात नहीं दिखा पाए। ऐसे में शक है कि यह सब चोरी के होंगे और तस्करी के लिए इन्हें ले जा रहे थे।मामले की जांच की जाएगी।