फोटो 16 सीकेटीपी 40 आग से जला घर-संवाद
भरतकूप (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के रौली कल्याणपुर गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर दो सगे भाइयों के घर में बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे घर के अंदर मौजूद एक दुधमुंही बच्ची की जिला जलकर मौत हो गई। इसके साथ एक मेमना भी जल गया है। इसके अलावा गृहस्थी का पूरा सामान भी जलकर राख हो गया है।
रौली कल्याणपुर के भोला का पुरवा निवासी राजकुमार (40) और शिवकुमार (38) के अगल-बगल बने घरों में अचानक आग लग गई। हादसे के समय शिवकुमार ट्रक लेकर बाहर गए थे और उनकी पत्नी सुमन खेत में काम करने गई थीं। घर में शिवकुमार की सात माह की बेटी दीक्षा, नाथिया और अर्पित थे। अचानक बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। लपटें देखकर नाथिया व अर्पित किसी तरीके से बाहर निकल गए लेकिन मासूम दीक्षा अंदर ही रह गई। इससे जिंदा जल गई।
लोगों ने आग की लपटें देखी तो बुझाने के लिए दौड़े। आग से घर के अंदर बंधा बकरी का मेमना भी जल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। पीड़ित के अनुसार आग से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने, चांदी के जेवर, कपड़ा, खाद्य सामग्री सहित अन्य सभी सामान जल गया है। सूचना मिलते ही सीओ अरविंद कुमार वर्मा, थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सीओ ने बताया कि मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। आग लगने का स्पष्ट कारण पता लगाया जा रहा है। राजस्व टीम भी मौके पर पहुंची है। परिजनों को आपदा राहत कोष के आर्थिक मदद होगी।
फोटो 16 सीकेटीपी 40 आग से जला घर-संवाद