घर में लगी आग को बुझाते ग्रामीण
- फोटो : CHITRAKUTT
पहाड़ी(चित्रकूट)। थाना अंतर्गत कादरगंज के गइदापुरवा गांव में बच्चे को ठंड से बचाने के लिए उसकी चारपाई के नीचे रखी अंगीठी से कच्चे घर में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से एक तीन माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई। फायर ब्रिगेड के जवानों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया, तब तक घर की गृहस्थी जलकर राख हो गई। पीड़ित ने अग्निकांड में करीब छह लाख के नुकसान का अनुमान जताया है।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के कादरगंज के गइदापुरवा गांव निवासी शिवशंकर के कच्चे घर में शनिवार सुबह करीब नौ बजे चारपाई के नीचे रखी अंगीठी से आग लग गई। घटना के समय घर के लोग बाहर बैठे थे और तीन माह का मासूम बच्चा नितिन पुत्र शिवपूजन घर के अंदर चारपाई पर सो रहा था। आग देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। ग्रामीण किसी तरह सीढ़ियों के सहारे घर के अंदर गए और मासूम बच्चे को बाहर लाए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस फायर ब्रिगेड़ के साथ मौके पर पहुंची और आग को काबू में किया। मासूम बच्चे के बाबा शिवशंकर ने बताया कि बच्चे को ठंड से बचाने के लिए अंगीठी में आग जलाकर चारपाई के नीचे रख दी थी।
बच्चे की मां गीता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर काम कर रहे थे, तभी आग लग गई। आग में तीन लाख से अधिक के जेवर सहित अनाज व घर की गृहस्थी जल गई। पीड़ित ने कुल छह लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया है।
बताया कि उसका बेटा शिवपूजन सूरत में रहकर मजदूरी करता है। उसके तीन बेटों और चार बेटियों में नितिन सबसे छोटा था। आग से पड़ोसी मंगू पुत्र रामरतन व दीनदयाल पुत्र रामअवतार के घर में भी आंशिक नुकसान हुआ है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव और थानाध्यक्ष अवधेश मिश्रा ने पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।