फोटो- 05सीकेटीपी 26 राजीव फाइल फोटो।
खोही (चित्रकूट)। मारकुंडी थाना क्षेत्र के इटवा डुडैला गांव में रविवार को महुआ बीनने गया मासूम कुएं में गिर गया। उसे बचाने के लिए उसकी बुआ और पिता भी कुएं में कूदे मगर उसे बचा नहीं पाए। किसी तरह मासूम को बाहर निकाल कर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जगन्नाथपुरम निवासी राजेंद्र कोल ने बताया कि वह पत्नी कौशल्या, मां मधिया, बहन मीना, बेटा जानकी प्रसाद व राजीव के साथ गांव के बाहर जंगल में महुआ बीनने गया था। करीब 10 बजे बेटा राजीव (छह) अपनी बुआ मीना के साथ पानी लेने कुछ दूर पर स्थित अपने कुएं में गया था। वहां पर अचानक पैर फिसलने से कुएं में गिर गया। मीना उसे बचाने के लिए शोर मचाते हुए कुएं में कूद गई। आवाज सुनकर वह परिजनों के साथ पिता पहुंचा और कुएं में कूद गया।
काफी देर तक बेटा नहीं मिला तो परिवार के अनूप वर्मा ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे के बाद बेटे को बाहर निकाला जा सका। तुरंत मंझगवां अस्पताल लेकर गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उसका बेटा राजीव प्राथमिक स्कूल में कक्षा दो में पढ़ता था। मारकुंडी थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि परिजनों ने एक घंटे के बाद सूचना दी, तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरीके से मासूम को बाहर निकलवा कर अस्पताल लेकर पहुंचे। मौत हो चुकी थी।