पहाड़ी (चित्रकूट)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगा हैंडपंप खराब होने से लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर उन्हें लगभग दो किमी दूर पानी लेने जाना पड़ता है। एक्सईएन जल निगम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
पीएचसी में लगा वाटर कूलर भी बिजली बाधित रहने से गर्म पानी देता है। पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. गिरीश पांडे ने बताया कि उन्होंने खंड विकास अधिकारी को इस संबंध में एक पत्र भी भेजा है, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने आए दयाराम यादव, मनोज चतुर्वेदी, रमेश ने बताया कि यहां पानी की जबर्दस्त किल्लत है। मशीन से इतना गर्म पानी निकल रहा है, जैसे उबाल दिया गया हो। हैंडपंप भी खराब पड़ा है। किसी तरह दुकानों से ठंडे पानी की बोतलें खरीदकर काम चलाया जा रहा है। इस संबंध में जल निगम के एक्सईएन जेपी सिंह ने बताया कि हैंडपंप की मरम्मत का काम चल रहा है। वैसे यह काम पहले ही बीडीओ प्रधान के माध्यम से करा सकते थे।