चित्रकूट। बाइकसवार टप्पेबाजों ने रास्ता पूछने के बहाने युवक के झोले में रखे सात लाख रुपये उड़ा दिए। टप्पेबाजी के शिकार युवक के रिटायर्ड शिक्षक पिता ने अपनी बेटी की शादी के लिए बैंक से यह रकम निकाली थी। पुलिस अफसरों ने मौका मुआयना किया।
पुरवा तरौंहा (कोतवाली) निवासी मनु कुमार पांडे अपने रिटायर्ड शिक्षक पिता जगदीश प्रसाद पांडे के साथ बुधवार को कर्वी आए थे। उन्होंने बताया भारतीय स्टेट बैंक की कर्वी शाखा से छह लाख 99 हजार रुपए उन्होने निकाले। इसके बाद उन लोगों ने दुकान से झोला खरीद कर बैंक से निकाली गई रकम को उसमें डाल दिया। मनु के अनुसार, उसने अपने पास के एक हजार रुपये भी झोले में डाल दिए। इसके बाद उन लोगों ने फल की दुकान से खरीदकर सेब खाया। इसके बादजगदीश टेंपो में बैठकर घर चले गए। मनु ने बताया वह ट्रैफिक चौराहे के पास दुकान से मिठाई खरीदने लगा। इस दौरान उसने जमीन पर थैला रख दिया। इस बीच वहां आए दो बाइकसवारों ने उससे रामघाट का रास्ता पूछा। उसने बाइक सवारों को रास्ता बताया और जब पलटकर देखा तो झोला गायब था। इस पर उसने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलने पर एसपी और अपर एसपी मौके पर पहुंचे। कोतवाली में उसने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी पर खबर भेजे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। एसपी स्वामीप्रसाद ने बताया मामले की जांच की जा रही है। मनु का कहना था कि उसके पिता ने बहन की शादी के लिए रकम निकाली थी।