भरतकूप(चित्रकूट)। बीती रात तार टूटने के बाद दो दर्जन गांवों में बिजली गुल रहने की जानकारी पर गुस्साएं ग्रामीणों ने कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग को एक घंटे तक जाम कर दिया। बाद में पुलिस के जाम स्थल पर पहुंचकर लोगों के समझाने और दूसरे दिन दस बजे से बिजली आपूर्ति शुरू होने के आश्वासन के बाद ही लोगों ने जाम समाप्त किया।
गुरुवार को बिजली आपूर्ति बाधित होने पर ग्रामीणों ने अवर अभियंता राजेंद्र राजपूत को संपर्क किया तो उन्हाेंने आश्वासन दिया कि शाम तक वे लाइन शिवरामपुर से जोड़वा कर चालू कर देंगे। लेकिन शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल न होने पर लोगों को मालूम हुआ कि उनके क्षेत्र की लाइन को शिवरामपुर से नहीं जोड़ा जा सका है तो लोग अपने घरों से निकलकर हाइवे पर आ गए। लगभग शाम को आठ बजे बिजली विभाग के अधिकारियों और सपा सरकार के खिलाफ नारे बाजी करते हुए हाइवे जाम कर दिया। धीरे धीरे पड़ोस के गांवों के लोग भी जुटने लगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष पर एक्सइएन से बिजली चालू कराने की बात करने पर जब उन्होने कर्मचारी न होने की बात कही तो लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। विनोद सिंह की अगुआई में लोग सड़क पर ही बैठ गए। क्रेशर यूनियन के महामंत्री मिथिलेश गर्ग ने भी अवर अभियंता से विद्युत आपूर्ति बहाल करने को कहा लेकिन बिजली चालू न हो सकी। जब हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लगने लगी तो भरतकूप चौकी प्रभारी एमए खान मौके पर पहुंचे उन्होने जाम खोलने के लिए ग्रामीणों को समझाया। काफी देर की मशक्कत के बाद जब चौकी प्रभारी ने एक्सईएन से बात की और उन्हाेंने सुबह 10 बजे तक आपूर्ति बहाल करने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि भरतकूप मे तीन लाइनमैन तैनात है जो शाम को कर्वी चले जाते हैं। जिससे छोटे छोटे फाल्टों में भी बिजली रात भर गुल रहती है। क्षेत्रीय नेताओं ने सपा जिलाध्यक्ष से मिलकर बिजली अधिकारियों की लापरवाही की शिकायत करने की बात कही। उधर भौंरी गांव में ग्रामीणों ने किरहा तालाब में लगे पंप के लिए लगा ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर न बदले जाने से पानी की सप्लाई बाधित है। टिकरिया गांव के मजरे गरगनपुरवा में हाइवेाल्टेज बिजली का पोल गिरने के चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।