सीतापुर (चित्रकूट)। तीर्थक्षेत्र में बीती रात जबलपुर से आए एक दंपति को जहरखुरानों ने लूट लिया। दोनों को सुबह लोगों ने अर्द्धबेहोशी की अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दंपति को सतना में भर्ती कराया।
रविवार सुबह परिक्रमा मार्ग में साक्षी गोपाल मंदिर के पास दो लोगों को नीमबेहोशी की हालत में देखकर लोगों का माथा ठनका। पास जाकर देखा गया तो अर्द्ध बेहोश थे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो नयागांव (मप्र) के टीआई आरके सिंह पहुंचे और दोनों की हालत गंभीर देख सतना के जिला अस्पताल में भेजा। टीआई ने बताया कि ग्वारीघाट, जबलपुर (मप्र) निवासी शिवनारायण गुप्ता (64) पुत्र रामप्रसाद शनिवार को सतना से आए थे और पत्नी बसंती देवी (60) के साथ कामदगिरी की परिक्रमा लगा रहे थे। शाम को किसी समय दंपति को जहरखुरानों ने साक्षीगोपाल मंदिर के पास अपना शिकार बना लिया। बताया कि महिला के गहने और दस हजार की नकदी की लूट सामने आई है। दोनों को सतना जिला अस्पताल भेजा गया है। मंदिर के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि दोनों बेहोशी की हालत में मुंडेर पर पड़े थे और अगर ये दोनों कुछ दूरी पर और जाते तो नीचे खाईं में भी गिर सकते थे।