भरतकूप (चित्रकूट)। बहन को लिवाकर शादी की रस्म कराने घर जा रहे युवक को बोलेरो ने टक्कर मार दी, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर मऊ में बाइकसवारों को एक अनुबंधित बस की टक्कर से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाहाबाद रिफर किया गया है।
धौरही चौकी भरतकूप निवासी प्रेमबाबू (25) पुत्र दशरथ यादव के घर में शादी है। वह पटिया कहेटा से बहन रम्मू और उसकी जेठानी (नाम पता नहीं चल सका) को लिवाकर बाइक से जा रहा था। बुधवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे हाइवे पर धौरही मोड़ से पहले सामने से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। प्रेमबाबू की मौके पर मौत हो गई और बहन की जेठानी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। दो बच्चों के पिता प्रेमबाबू की अकाल मौत से घर में कोहराम मच गया। उधर मऊ प्रतिनिधि ने बताया कि सुरौंधा निवासी मुकेश (25) पुत्र लाला चुन्नू (20) पुत्र गुल्लू निवासी खरौंध सरैंया के साथ बाइक से लालापुर की ओर जा रहे थे कि लगभग साढ़े तीन बजे रास्ते में विपरीत दिशा से आ रही जीरो रोड डिपो की अनुबंधित बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी जिससे दोनों नीचे आ गिरे। दोनों को इलाहाबाद रिफर किया गया है।