चित्रकूट। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय ने मंगलवार को स्थापना दिवस समारोह मनाया। इस मौके पर मप्र सरकार के ऊर्जा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ग्रामोदय विवि को आदर्श शिक्षा केंद्र बताया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे वैश्विक जगत में प्रतिष्ठित आध्यात्म एवं धर्म की भारतीय शक्ति को महिमामंडित करने में अपने को जुटाए रखें।
विवि के प्रशासनिक परामर्शी पूर्व आईएएस डा. कमल टावरी ने कहा कि वे अपनी प्रतिभा को पहचानें तथा एक्शन ग्रुप बनाएं। जीवन में बढ़िया करने की तथा हर समय सीखने की ललक असंभव को भी संभव बना देती है। शिक्षाविद् शीला टावरी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इन कार्यक्रमों से मिले संदेश को जीवन में आत्मसात कर आगे बढ़ना चाहिए। इसके पूर्व कार्यक्रम विवेकानंद सभागार में मां सरस्वती के पूजन, स्थापना हवन से शुरू हुआ। कृषि संकाय के विद्यार्थियों ने महिला हिंसा के विरोध में हुई नाटिका में देवी अहिल्या से लेकर दिल्ली कांड तक के प्रसंग को जोड़ा और लोगों की वाहवाही लूटी। शोध छात्रा लखनऊ घराने की पल्लवी लोहानी ने गीतावली पर आधारित कत्थक की प्रस्तुति की। छात्राओं ने विवि का कुलगीत और शिव अर्चना प्रस्तुत की। इसके अलावा विज्ञान, बीएड की छात्राओं ने भी प्रस्तुतियां कीं। डा. वीरेंद्र कुमार व्यास और विनोद कुमार सिंह ने हाल ही में संपन्न विवेकानंद सार्ध शती समारोह में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की।