चित्रकूट। जिला पूर्ति विभाग ने जिलाधिकारी के निर्देश पर उचित दर विक्रेताओं के यहा छापेमारी की गई है। सरकारी गेंहू को बाजार में बेचते हुए पकडे़ जाने के बाद ग्राम कुचारम की दुकान को निलंबित कर दिया है। कई विक्रेताओं के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है।
जिलाधिकारी बलकार सिंह के निर्देश पर पूर्ति विभाग ने एक सूचना के आधार पर पहाड़ी के ग्राम ओबरी रोड पर टैक्टर ट्राली में 37 बोरी सरकारी गेंहू को बाजार में बेचने जाते हुए जब्त किया है। यह सरकारी गेंहू ग्राम पंचायत कुचारम के उचित दर विक्रेता उमा देवी के दुकान से कपटपूर्ण तरीके से बाजार में बेचा जा रहा था। विभाग ने स्टाक रजिस्टरों के परिक्षण के बाद मिट्टी के तेल व अनाज में अनियमितता पाई गई जिस पर विभाग ने उमा देवी की दुकान को निरस्त कर दिया है। टैक्टर यूपी 96-1955 को पुलिस सुपुर्दगी में दे दिया गया है। पिछले माह दिसम्बर में जांच व छापामारी की कार्रवाई में गड़बड़ी पाए गए ग्राम बल्हौर विकास खण्ड रामनगर उचित दर विक्रेता अवधेश प्रसाद, ग्राम पंचायत देउधा के बच्चा प्रसाद, रैपुरा में रामकृष्ण ग्राम पंचायत शीतलपुर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। पूर्ति अधिकारी उबैद अली ने बताया कि जनपद के सभी उचित दर के विक्रताओं को कड़ी चेतावनी दी गई है। कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा एवं मुल्य पर वस्तुओं का वितरण किया जाए अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर दुकान निरस्त कर दी जाएगी।