मानदेय बढ़ाए जाने को लेकर अनुदेशकों ने तिरंगा यात्रा निकाल जताया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने मानदेय बढ़ाए जाने व व अन्य मांगों को लेकर शहर में तिरंगा यात्रा निकालकर विरोध जताया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया।
गुरुवार को बीएसए कार्यालय के पास से एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्याम सुंदर यादव के नेतृत्व में अनुदेशकों ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर जुलूस निकाला । प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते कलक्ट्रेट परिसर पहुंचकर विरोध जताया। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत खेल व स्वास्थ्य कला व कार्य अनुभव विषय में 32000 अनुदेशक छात्र-छात्राओं को पढ़ाने का कार्य करते हैं। प्रतिवर्ष अनुदेशकों से नवीनीकरण के नाम पर शोषण किया जाता है। गृह ब्लाक क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाए। अनुदेशकों को नियमित कर 21500 रुपये मानदेय दिया जाए। इस मौके पर रमेश चंद्र कुशवाहा, संतोष कुमार मौर्य, जितेंद्र त्रिपाठी, शिवशंकर उपाध्याय, दुर्गा शरण मिश्र, वंदना कौशल, मंजू शुक्ला, रेखा त्रिपाठी, पूनम गुप्ता, वर्षा, सुमन पटेल, राजकिशोर, धर्मेेंद्र, रामयश, करन कुमार, केशन, सूर्य प्रकाश सिंह, उदय भान सिंह आदि मौजूद रहे।