नाले का पानी पुरवा में घुसा, आधा दर्जन घरों की गृहस्थी बर्बाद
अमर उजाला ब्यूरो
पहाड़ी। क्षेत्र के पचोखर गांव के रामपाल के पुरवा में भारी बारिश के चलते नाले का पानी आधा दर्जन घरों में घुस गया। जिससे घर में रखी गृहस्थी पानी से खराब हो गई। लेखपाल पुरवा में पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से पानी निकासी की व्यवस्था कराई।
जिले में चार दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है। जिसके चलते नाले उफान मार रहे हैं। पहाड़ी थाना अंतर्गत पचोखर गांव के रामपाल के पुरवा के पास से निकले एक नाले का पानी पुरवा की बस्ती के घरों में घुस गया। जिसमें पुरवा के चुन्ना, राजेश, मुन्ना पुत्रगण रामपाल के घर की दीवार गिर गई। तीरथ, ब्रजेंद्र सिंह रामबली के घर भी पानी भर जाने से गृहस्थी खराब हो गई। जिससे हजारों का नुकसान हो गया। मौके पर पहुंचे लेखपाल व कानूनगो जितेंद्र ने पानी की निकासी के लिए पुरवा के पास बनी आरसीसी सड़क को तोड़वा कर पानी निकलने की व्यवस्था की। गांव के प्रेम सिंह पुत्र बाबूलाल ने बताया कि समय से पानी की निकासी न की गई होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। ग्रामीणों ने पुरवा में नाली बनाए जाने की मांग की।