दो घटनाओं से रेल कर्मचारियों में दहशत
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन द्वारा बडे़-बडे़ दावे किए जाते हैं। लेकिन एक माह में मुंबई हावड़ा रेल मार्ग पर दावों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है । रेल यात्रियों के साथ लूट पाट तो आम बात हो गई लेकिन रेल कर्मचारियों पर बदमाशों का कहर सिर चढ़ कर बोल रहा है। इस दौरान दो घटनाओं में रेल कर्मचारी ही बदमाशों का निशाना बने लेकिन अभी तक पुलिस इन घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी। आरोपी बदमाशों में किसी एक को भी नहीं पकड़ पाई है। जिससे रेल कर्मचारियों में दहशत बनी है।
अगस्त माह में दस्यु प्रभावित बांसा पहाड़ स्टेशन पर मालगाड़ी के दो गार्डों के साथ हुई मारपीट व लूटपाट की घटना का खुलासा नहीं हो पाया है। इस घटना के बाद बेखौफ बदमाशों ने मानिकपुर रेल स्टेशन के झरी 502 सीके गेट मैन बृजेश कुमार को भी पीटकर लूटपाट की। इन घटनाओं से रेल कर्मचारियों में दहशत है। इस घटना के बाद रेल कर्मचारियों ने जबलपुर मंडल के पीडब्लूआई आशीष शर्मा को ज्ञापन सौंपा। जिसमें दस्यु प्रभावित क्षेत्र की रेललाइन मार्ग पर गैंगमैन व गेटमैन की सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है।
इस मौके पर मौजूद गेटमैन महावीर प्रसाद, दिनेश कुमार, मुलायम प्रसाद, नानबाबू व दीपक कुमार आदि ने ज्ञापन में आशंका जताई है कि किसी भी समय ड्यूटी के दौरान बड़ी वारदात हो सकती है । इसलिए कर्मचारियों सुरक्षा बढ़ाई जाए।