करंट से रिटायर्ड सैनिक की मौत, पत्नी झुलसी
अमर उजाला ब्यूरो
राजापुर। बारिश के दौरान घर में मवेशी बांधते समय करंट लगने से रिटायर्ड सैनिक की मौत हो गई। करंट लगते ही उनकी पत्नी बचाने पहुंची तो वह भी झुलस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाक्षेत्र के सरधुआ गांव निवासी रिटायर्ड सैनिक रामयश (47) पुत्र रामप्रताप शुक्रवार की शाम को घर पर थे। लगातार बारिश के दौरान उनकी मवेशी घर के बाहर बंधी थी। बारिश से बचाने के लिए वह अंदर लाए और टीनशेड के नीचे बांधने लगे। वहां से गुजरी घरेलू कनेक्शन की विद्युत तार टीने को छू रही थी। तार कटी होने से टीन में भी करंट था। उधर मवेशी बांधते समय जैसे ही रिटायर्ड सैनिक ने टीन शेड के खंभे को पकड़ा तो करंट से चिपक गए।
कुछ दूरी पर मौजूद उनकी पत्नी आशा देवी ने जब यह देखा तो वह पति को बचाने दौड़ी जैसे ही पति को पकड़कर खंभे से अलग करने का प्रयास किया तो उन्हें भी करंट लगा और वह झुलस कर नीचे गिर बेहोश हो गईं। कुछ देर बाद वहां पहुुंचे पुत्र नवीन ने सारा नजारा देखा तो पड़ोसियों की मदद से लकड़ी से तार को अलग कर माता-पिता को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने रिटायर्ड सैनिक को मृत घोषित कर आशा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष वीरेंद्र त्रिपाठी हमराहियों के साथ पहुंचे और शव का पंचनामा कराकर शनिवार को पोस्टमार्टम कराया।
बैंक में थे गार्ड
राजापुर। मृत रिटायर्ड सैनिक रामयश इन दिनों सरधुआ गांव मेें स्थित इलाहाबाद बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप मेें भी काम करते थे। घटना वाले दिन शाम को वह ड्यूटी कर ही लौटे थे जब मवेशियों को बाहर बारिश में भीगते देख उन्हें अंदर बांधने का काम किया था। उनके दो पुत्र नवीन व नीतीश एक पुत्री नेहा है। अस्पताल में भर्ती आशा की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है।