चित्रकूट। मुख्यालय में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के संदेह पर मंगलवार को एक मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। पूरे घर को सैनिटाइज कराकर परिवार के सदस्यों की प्रारंभिक जांच कराई गई। किसी में भी करोना बीमारी के लक्षण नहीं मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि शायद किसी ने गलत सूचना दी थी, लेकिन एतियातन पूरी कार्रवाई की गई है। इधर, 15 नए लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं। जबकि, नौ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में अभी तक कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज नहीं मिला है।
जिले में सुबह से लॉकडाउन में छूट को लेकर उहापोह की स्थिति बनी रही। सुबह से कई जगह की दुकानें खुल गईं। सरकारी कार्यालय खुले, लेकिन चहल पहल नहीं दिखी। डीएम शेषमणि पांडेय व एसपी अंकित मित्तल ने सुबह ट्रैफि क चौराहा, शंकर बाजार कर्वी, गल्ला मंडी, गंगा जी रोड, पुरानी बाजार कर्वी, बेड़ी पुलिया, शिवरामपुर, भरतकूप समेत कई इलाकों में भ्रमण कर लॉकडाउन की स्थिति को देखा। इस दौरान लोगों से कहा है कि घरों से न निकलें। इसके बाद चित्रकूट गैस एजेंसी कर्वी, आर्यावर्त बैंक बेड़ी पुलिया में लगे सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों से कहा कि भीड़ अधिक न होने पाए। सामाजिक दूरी का पालन अवश्य कराएं। किसी को कोई असुविधा न हो, इसका ध्यान रखा जाए। इसके बाद अफसरों ने बांदा-चित्रकूट बॉर्डर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जोनल मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र कुमार अवस्थी तथा पुलिस अधिकारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
चित्रकूट। डीएम शेषमणि पांडेय व एसपी अंकित मित्तल ने मंगलवार को सदर कोतवाली में मस्जिदों के धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर रमजान माह को शांति पूर्ण तरीके से मनाने को कहा है। डीएम ने कहा कि परिवार को कोरोना से बचाना है, तो पाबंदी है पालन करें। रमजान माह में दुआ करें कि महामारी खत्म हो। सामाजिक दूरी नियम का पालन कर इस बीमारी से बचा जा सकता है। कहा कि मस्जिद पर ताला बंद रहेगा। घर से निकले, तो मास्क जरूर लगाएं। घर पर आते ही सैनिटाइजर से हाथ धोएं। डीएम ने कहा कि रमजान के पर बिजली, पानी, सफाई की व्यवस्था रखी जाएगी। एसपी ने कहा कि लॉकडाउन का पालन करें और दूसरों को भी जागरूक करें कि वह घर में ही नमाज अदा करें। बैठक में जामा मस्जिद के इमाम उबैद हाफिज, कजियाना मस्जिद के हाफिज मुजीर्बुरहमान, शहर काजी सरफराज अहमद ने कहा कि महामारी को देखते हुए प्रशासन के फैसले से अनुसार ही रमजान के महीने में लोगों घर में नमाज अदा करने के लिए कहा गया है। बैठक में एसडीएम कर्वी अश्वनी कुमार पांडेय, एएसपी बलवंत चौधरी, सीओ रजनीश यादव, ईओ नगर पालिका परिषद कर्वी नरेंद्र मोहन मिश्र, कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे।