स्कूल की छत से टपकता मिला पानी, दो शिक्षक भी गैरहाजिर
चित्रकूट। बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा ने मंगलवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर का औचक निरीक्षण किया तो यहां के हालात देख दंग रह गए। स्कूल की छत से पानी टपक रहा था और छत के ऊपर से ही एचटी लाइन भी गुजरी थी। इससे करंट आने का भी खतरा था। विद्यालय का शौचालय ध्वस्त मिला और प्रधानाध्यापक समेत दो शिक्षक गैरहाजिर थे। अव्यवस्था देख बीएसए का पारा चढ़ गया और उन्होंने गैरहाजिर शिक्षकों का वेतन रोकने के आदेश दिए। उन्होंने छत की मरम्मत होने तक छात्रों को प्राथमिक विद्यालय के भवन में पढ़ाने के आदेश दिए।
बीएसए को स्कूल की फर्श भी टूटी मिली। विद्यालय में रंगाई पुताई नहीं कराई गई थी। कुर्सी-मेज भी नहीं है। इस पर विद्यालय के भवन का निर्माण करने वाले डफाई के प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवकुमार यादव के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक विद्यालय की कमियों क ो दूर नहीं किया जाता, इनका वेतन रोका जाए। विद्यालय की प्रधानाचार्य रेनू तिवारी व शिक्षक आशुतोष अनुपस्थित पाए गए। इस पर दोनों शिक्षकों के वेतन रोकने के आदेश दिए।
वहीं, विद्यालय में एमडीएम रजिस्टर देखने में 43 बच्चे अंकित किए गए थे, जिसमें से 27 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि एमडीएम में भी गड़बड़ी की जाती है। इसकी जांच कराएंगे। विद्यालय भवन के पास से गुजरी हाईटेंशन तार मामले में कहा कि तत्कालीन खंड शिक्षाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा कि आखिर जब यहां तार से खतरा है, तो इस भवन को बनाने की मंजूरी कैसे दी गई है।
बीएसए ने औचक निरीक्षण कर पकड़ी लापरवाही
शौचालय मिला ध्वस्त, दोनों शिक्षकों का वेतन रोकने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो