झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर गुरुवार को एक अनियंत्रित ट्रक कई वाहनों से टकराने के बाद टेंपो से जा भिड़ा। हादसे में सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने अज्ञात ट्रक चालक को पकड़कर जमकर धुना, जिससे वह बेहोश हो गया।
गुरुवार शाम लगभग पांच बजे इलाहाबाद की ओर से आ रहे ट्रक चालक ने शंभू बाबू के पेट्रोल पंप के पास कई सब्जी की ठेलियों को टक्कर मारी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसके बाद ट्रक बस स्टैंड पहुंचा और यहां एक ठेलिया वाले को टक्कर मारी, जिससे उसका हाथ टूट गया। कई वाहनों से टकराने के बाद ट्रक ने सवारियां उतार रहे टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में बिंदा (40) पुत्र देवमनि निवासी तरौंहा, जागेश्वर (50), ननकी (50) पत्नी जागेश्वर, आरती (40) पत्नी अजय सभी निवासी गौहानी, नेपाल (60) निवासी बैठर जिला सिंगरौली घायल हो गए। एक बालिका भी घायल हुई। इसके बाद भी ट्रक रुका नहीं। जानकीकुंड अस्पताल से पिता अयोध्या प्रसाद शुक्ला का इलाज कराकर लौट रहे नीलकमल निवासी मानिकपुर की आल्टो को भी ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी।
कार सवारों ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इतने हादसों के बाद चालक ट्रक से कूदकर रिक्शे से भागने लगा। ये देख लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। घायलों और बेहोश ट्रक चालक को जिला अस्पताल ले जाया गया। चालक का भी नाम पता नहीं ज्ञात हो सका। उधर, देर शाम हुई एक अन्य दुर्घटना में मिश्रा कांप्लेक्स के पास एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे भी जिला अस्पताल ले जाया गया।