चित्रकूट। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने रविवार को मुख्यालय के चित्रकूट इंटर कालेज में अनुसूचित जाति के मेधावी छात्रों की कक्षा 9 व 11 में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा का निरीक्षण किया। जिसमें 426 छात्रों ने प्रतिभाग किया।
सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली की श्रेष्ठा स्कीम के अंतर्गत नीति आयोग से आच्छादित जनपद में अनुसूचित जाति के कक्षा 9 व कक्षा 11 में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कक्षा 9 में 9, कक्षा 11 में 11 छात्र, छात्राओं को आवासीय शिक्षण सुविधाएं प्रदान किया जाना है। इसकी लिखित प्रवेश परीक्षा का जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं से पेपर के बारे में भी जानकारी की। जिला विद्यालय निरीक्षक बलिराज राम को प्रवेश परीक्षा पारदर्शिता से कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीडीओ आरके त्रिपाठी, परियोजना निदेशक अनय कुमार मिश्रा, बीएसए राजीव रंजन कुमार मिश्र, जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र मोहन सिंह, प्रधानाचार्य डा. रणवीर सिंह चौहान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।