हाईवे पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। इसमें दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई जबकि एक माह की मासूम मौत से लड़ रही है। चार अन्य घायल हैं। सभी घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया गया है। मासूम व एक अन्य महिला को इलाहाबाद रेफर कर दिया गया है। कहर बरपाने के बाद स्कॉर्पियो गड्ढे में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने चालक को धुन कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को मुख्यालय से मऊ की ओर तेज गति से जा रही स्कॉर्पियो जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग झांसी मिर्जापुर एनएच-76 के रैपुरा थाना क्षेत्र रामनगर पहुंची तो अनियंत्रित होकर एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो एक विद्युत पोल से टकराकर सड़क किनारे रखी गुमटी को तोड़ती हुई वहां मौजूद ग्रामीणों को रौंदती हुई गड्ढे में जा गिरी। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। आस-पास खड़े लोगों ने दौड़कर चालक को पकड़ा।
स्कॉर्पियो की चपेट में आई बसिंघा रामनगर की सुदामा देवी (50) पत्नी बेनी उर्फ समन और उसकी बहू रुकमणि (28) पत्नी ओमप्रकाश उर्फ रिंकू की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक माह की मासूम के अलावा बसिंघा निवासी सीमा (22) पत्नी साहब उर्फ विचित्रवीर सिंह, बरेठी निवासी रामलाल पुत्र रामसेवक, रामनगर निवासी राजेश कुमार पुत्र रज्जू व रज्जू पुत्र शिवमंगल घायल हुए।
घटना की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष मनोज शुक्ला हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को पीएचसी रामनगर में भर्ती कराया। अस्पताल के प्रभारी डॉ.शैलेंद्र कुमार ने बताया कि एक माह की मासूम बालिका व सीमा की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रेफर किया गया है अन्य की हालत सामान्य है। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक तीरमऊ मोहनपुर निवासी मनीष तिवारी पुत्र शिवमोहन को पकड़कर थाने भेजा गया है।