बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित, स्थानीय लोगों ने परिक्रमा मार्ग पर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
खोही। धर्मनगरी क्षेत्र में 24 घंटे से बिजली पानी की आपूर्ति बाधित होने पर परेशान स्थानीय लोगों ने परिक्रमा मार्ग पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। धर्मनगरी आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे तीर्थयात्रियों में भी रोष देखा जा रहा है।
शुक्रवार की दोपहर से बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद दूसरे दिन शनिवार की सुबह तक क्षेत्र के कई हिस्से में बिजली की आपूर्ति चालू नहीं हुई। जिससे धर्मनगरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों अंधेरे में रहे। शाम व सुबह जलापूर्ति भी नहीं हुई। जिससे परेशान धर्मनगरी के निवासियों ने परिक्रमा मार्ग में प्रदर्शन कर विरोध जताया। धर्मनगरी के महेश, हीरालाल, आशुतोष मौर्य, विजय पटेल, ओम प्रकाश, रामनारायण अवस्थी, रमाकांत पांडेय ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर 12 बजे से बिजली की आपूर्ति बंद हो गई। शनिवार को भी बिजली की सप्लाई नहीं हुई। जलापूर्ति न होने से हैंडपंपों से पानी भरने के लिए मजबूरी करना पड़ा।
अवर अभियंता रविकांत ने बताया कि बेड़ीपुलिया से चित्रकूट के लिए सड़क का निर्माण चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति बंद कराने की मांग की थी। इसीलिए आपूर्ति बंद की गई थी अब उसे यथावत करा दिया गया है।