चित्रकूट। भले ही शीर्ष नेता सबकुछ सामान्य होने का दावा करते हों लेकिन नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी में अध्यक्ष पद के लिए टिकट न मिलने पर बगावत शुरू हो गई है। टिकट का आवेदन करने वाले कई भाजपाइयों को जब टिकट नहीं मिला तो उन्होंने किसी अन्य दल या निर्दलीय के रूप में नामांकन कर दिया। राजापुर से भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुभाष अग्रवाल भाजपा छोड़ कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे हैं। सोमवार को मानिकपुर से संघ व भाजपा के कट्टर नेता पुरुषोत्तम अग्रहरि ने निर्दलीय नामांकन की घोषणा कर दी है। जिससे पार्टी में घमासान मचा है।
निकाय चुनाव में नगर पालिका चित्रकूट से 25 व नगर पंचायत राजापुर 13 व मानिकपुर में भी 13 पार्टी के कार्यकर्ताओं ने टिक ट के लिए आवेदन किया था। जब टिकट की घोषणा कर दी गई तो पार्टी मेें बगावत शुरू हो गई है। नगर पालिका चित्रकूट से श्याम गुप्ता, नगर पालिका की निवर्तमान अध्यक्ष नीलम करवरिया ने नामांकन कर दिया है। जिसमें माना गया है कि उनके पति राजेश करवरिया को भाजपा से टिकट न मिलने पर यह कदम उठाया गया है। मानिकपुर में वरूण गौतम, योगेश दत्त शर्मा ने नामांकन किया है। जितेंद्र मोहन शुक्ला ने अपनादल से सोमवार को नामांकन करने की घोषणा की है। राजापुर में पहले ही सुभाष अग्रवाल भाजपा छोड़ कांग्रेस से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है।
टिकट न मिलने पर भाजपा में बगावत के स्वर बुलंद
-कई दावेदारों ने विरोध कर निर्दलीय नामांकन किया
- अंतिम दिन और भी बगावत करने वाले करेंगे नामांकन