फोटो 27 सीकेटीपी 10 पुलिस लाइन में मौजूद नवनियुक्ति आरक्षी। संवाद
चित्रकूट। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने सोमवार को 296 नए आरक्षियों को थानों का आवंटन किया। इनमें 233 पुरुष और 63 महिला आरक्षी शामिल हैं। रविवार को पासिंग आउट परेड होने के बाद विभाग ने इन्हें थानों में नियुक्ति दी। इससे अब पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था संभालने में अधिक मजबूती मिलेगी।
पुलिस लाइन में यह कार्यक्रम अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक ने सभी नवप्रशिक्षित आरक्षियों को संबोधित किया। उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी से दायित्व निभाने को प्रेरित किया। पुलिस विभाग की छवि जनता के साथ उनकी कार्यशैली से बनती है। इसलिए, सभी पुलिसकर्मी जनता के साथ विनम्र व्यवहार करें। उन्होंने महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।