चित्रकूट। मानिकपुर निवासी एक व्यक्ति से सोलर पैनल लगाने के नाम पर 2.40 लाख रुपये की ठगी हुई। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
सुभाष नगर निवासी अखिलेश्वर सिंह ने अपने घर में पांच किलोवाट का सोलर पैनल लगवाने की योजना बनाई थी। उन्होंने कर्वी स्थित एक कार्यालय में मनी श्रीवास्तव से संपर्क किया। पांच जुलाई 2025 को उनके घर का सर्वे किया गया। कुल लागत तीन लाख रुपये बताई गई। रजनीश जोशी ने सर्वे और फाइल बनाने के लिए एक लाख रुपये एडवांस जमा कराए। कुछ दिनों बाद अखिलेश्वर ने आनंद गुप्ता को चेक के माध्यम से दो लाख रुपये का भुगतान किया।
पूरे रुपये जमा होने के बाद भी सोलर पैनल नहीं लगाए गए और टालमटोल की गई। दिसंबर 2025 तक पैनल न लगने पर उन्हें ठगी का संदेह हुआ। इस मामले में अखिलेश्वर सिंह ने 22 जनवरी 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली, जिसके आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
थाना प्रभारी अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। ठगों ने कुछ दिन बाद 60 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष रुपये लौटाने से इन्कार कर रहे हैं।