ट्रेन की बोगी मेें दर्द से तड़पती रही गर्भवती
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। चलती ट्रेन में गर्भवती महिला को दर्द होने पर स्टेशन पर भी इलाज नहीं मिला। पवन एक्सप्रेस से दरभंगा बिहार की ओर जा रही महिला के कारण लगभग 45 मिनट ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। मानिकपुर स्टेशन के अस्पताल में डाक्टर व स्टाफ कोई नहीं मिला। किसी तरह दर्द से कराहती गर्भवती महिला को मानिकपुर अस्पताल लाया गया। जहां उसने बालिका को जना। जच्चा बच्चा स्वस्थ्य बताए गए हैं।
कुर्ला मुंबई से पवन एक्सप्रेस ट्रेन की स्लीपर एस 10 के सीट न. 27 में सफर कर रही गर्भवती पिंकी पत्नी सरोज को रास्ते में तेज दर्द हुआ। उसके पति ने टीटी व स्कार्ट को इसकी जानकारी दी। मानिकपुर स्टेशन आते ही महिला को नीचे लाने का प्रयास किया गया। महिला के पति रेलवे के अस्पताल से डाक्टर व स्टाफ लेने पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। जीआरपी व आरपीएफ स्टाफ में कोई महिला कर्मचारी न होने से गर्भवती महिला बोगी में दर्द से तड़पती रही। इसके बाद स्टेशन की डिप्टी सीटीआई गायत्री देवी और आरपीएफ सिपाही बच्चू सिंह ने उसे किसी तरह प्लेट फार्म पर लाए। इसके बाद किसी तरह उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां उसने बालिका को जना। उधर ट्रेन 45 मिनट बाद रवाना हुई।
सड़क दुर्घटना में चार घायल
पहाड़ी। थाना क्षेत्र गांव के पास टूटी सड़क पर बाइक गिरने पर कमासिन निवासी अशोक यादव और दरसेड़ा निवासी कृष्ण कुमार घायल हो गए। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र के निर्माणाधीन पुल के खंभे से टकराकर बाइक सवार शंकर बाजार कर्वी निवासी मुन्नू पुत्र सुकुर व शिवम पुत्र छोटू घायल हो गए। दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था।