अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। मानिक पुर से इलाहाबाद तक रेल लाइन का विद्युतीकरण पूरा हो गया है। मालगाड़ी निकालकर ट्रायल पूरा कर लिया गया। कुंभ मेले के दौरान इस मार्ग से विद्युत इंजन वाली यात्री ट्रेनों को गुजारा जा सकता है।
उत्तर मध्य रेलवे के शंकरगढ़- मानिकपुर खंड में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। शनिवार को इलेक्ट्रिक इंजन वाली मालगाड़ी चलाई गई। एनसीआर के महाप्रबंधक एमसी चौहान ने बताया किइस खंड का विद्युतीकरण 28 जुलाई को मालगाड़ी गुजारने के साथ ही पूरा हो गया। इस खंड में इलेक्ट्रिक ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन होने से इलाहाबाद छिवकी स्टेशन पर गाड़ियों के ट्रैक परिवर्तन से बचा जा सकेगा। इलेक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेनों और मालगाड़ियों की आवाजाही शुरू होने से समय की बचत होगी। कार्बनडाई ऑक्साइड उत्सर्जन में कमी और ऊर्जा दक्षता में सुधार होगा। इस मार्ग पर बतौर ट्रायल ललितपुर पावर हाउस के लिए जाने वाली कोयले से लदी मालगाड़ी गुजारी गई।
महाप्रबंधक ने बताया कि शंकरगढ़-मानिकपुर खंड में विद्युतीकरण बेहद जरूरी था। इस काम के पूरा होने से इलाहाबाद छिवकी में माल और मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन व इंजन परिवर्तन से समय की बचत होगी। इससे इलाहाबाद क्षेत्र में भी ट्रेनों के संचालन में सुधार होगा।
रेल लाइन का विद्युतीकरण पूरा, ट्रायल पर मालगाड़ी गुजारी
:- उत्तर मध्य रेलवे के जीएम बोले, कुंभ मेले के दौरान विद्युत इंजन वाली यात्री ट्रेन भी गुजरेगी