चित्रकूट। धर्मनगरी के सीतापुर चौकी क्षेत्र के शिवरामपुर मार्ग की कुशवाहा बस्ती के पास एक स्थान पर 20 बंदर मृत मिले। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। वन, पुलिस व पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने पहुंचकर जांच की। सभी मृत बंदरों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संभावना जताई जा रही है कि बंदरों ने कोई जहरीला सामग्री खा ली है या फिर करंट लगने की भी संभावना जताई गई है।
रविवार की सुबह कुशवाहा बस्ती के पास से सब्जी मंडी की ओर जा रहे कुछ लोगों ने एक स्थान पर कुछ बंदरों का झुंड देखा। कुछ संदेह होने पर पास जाकर देखा तो सभी की आंखे फटी रह गईं। वहां पर एक दो नहीं बीस बंदर मृत अवस्था में पड़े थे। जानकारी होते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बजरंग दल व विहिप कार्यकर्ता भी पहुंचे और बंदरों की किसी के द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताने लगे। धर्मनगरी से मामला जुड़ा होने पर कुछ ही देर में वहां पर डीएफओ नरेंद्र सिंह, एसडीओ राजीव रंजन, रेंजर नफीस खान, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार के अलावा कोतवाली से पुलिस टीम, सीतापुर चौकी प्रभारी यदुवीर सिंह के साथ पहुंची।
डीएफओ ने बताया कि मौके पर 20 बंदर मृत मिले हैं। इनमें कई पानी से भीगे भी थे। मौत के कारण की जानकारी के लिए वन विभाग कार्यालय से संबद्ध सेंचुरी में पोस्टमार्टम कराया गया। सीतापुर चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है लेकिन बंदरों को मारकर फेंकने की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद डॉ. मनोज ने बताया कि मौत का अभी सही कारण नहीं पता चला है। बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। मौत का कारण करंट लगना भी हो सकता है। एक के पैर में करंट से झुलसने के कुछ निशान दिखे हैं। डीएफओ ने बताया कि मौत का कारण प्रथम दृष्टया किसी जहरीली सामग्री खाने से हो सकता है। अंदर अक्सर ग्रुप में रहते हैं। बिसरा रिपोर्ट के बाद सही जानकारी होगी। चौकी प्रभारी ने बताया किसी साजिश की संभावना अभी नहीं मिली है। कई जगह के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए हैं।