बैंक से दो लाख चालीस हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे ठेकेदार को बाइक सवार दो युवकों ने लूट लिया। आंख में मिर्च झोंके जाने के कारण पीड़ित कुछ देर वहीं खड़ा रहा और बाद में पुलिस को घटना की सूचना दी। हालांकि कोतवाली प्रभारी घटना को संदिग्ध बता जांच की बात कह रहे हैं।
संतोष कुमार निवासी भरतकूप जिला पंचायत में ठेकेदार है। भरतकूप में उसकी क्रेशर मशीन है। मंगलवार को वह पालिका कार्यालय के पास स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा से दो लाख चालीस हजार रुपये निकालकर बाइक से घर जाने लगा। रास्ते में पुरानी कोतवाली (महिला थाने) के पास वह रुपयों भरा बैग लेकर लघुशंका करने जा रहा था कि तभी दो बाइक सवार युवक उसके पास पहुंचे।
उन्होंने उसकी आंखों में मिर्च झोंक दी और बैग छीनकर भाग निकले। बाद में वह चिल्लाया तो आसपास के लोगों को पता चला। कोतवाली प्रभारी केपी दुबे भी वहां पहुंचे। कोतवाल ने पूरी घटना को संदिग्ध बताया है। उन्होंने कहा कि कथित भुक्तभोगी जिला पंचायत में ठेकेदार है। घटना के लगभग दो घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जब इस संबंध में उससे पूछा गया तो उसने कहा कि एक अधिकारी ने उसको समझाया था कि जो हो गया वो हो गया, रिपोर्ट न लिखाओ। बताया कि तहरीर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह किसी को कमीशन देने जा रहा था और पूरी घटना फर्जी है। उन्होंने कहा कि वहां पर चीता मोबाइल और पुलिसकर्मी मौजूद थे। दुकानदारों ने भी घटना होते नहीं देखी। गलत सूचना पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।