ट्रेन के आगे कूद की खुदकुशी, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। फील्ड असिस्टेंट पद पर कार्यरत युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। जानकारी होते ही परिजनों में शोक छा गया। घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। मृतक अतर्रा बांदा के थनैल गांव का निवासी था जो अपने ममेेरे भाई के घर शिवरामपुर में रहता था। मृतक के परिजनों ने ममेेरे भाई व भाभी पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
बांदा जिले के बिसंडा थाना अंतर्गत थैनल गांव का ओमदत्त कुशवाहा (25) पुत्र तीरथ प्रसाद कुशवाहा शिवरामपुर निवासी ममेरे भाई विनय कुशवाहा के साथ कस्बे में रहकर बीज की दुकान करता था। उसका भाई विनय वेद क्राफ्ट साइंस प्राइवेट लिमिटेड संडीला हरदोई में एरिया मैनेजर है और उसी ने ओमदत्त को बांदा चित्रकूट जिले में काम करने के लिए फील्ड असिस्टेंट पद पर रखा था। वह शिवरामपुर में ही रहता था। विनय की पत्नी शोभा देवी सरकारी शिक्षक है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार को सवेरे शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के पथरौडी रेलवे क्रासिंग के पास ओमदत्त बाइक से आया। अचानक कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर वहां से गुजर रही ट्रेन के आगे कूद गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
यह नजारा देखते ही वहां भीड़ जमा हो गई। चौकी प्रभारी पंकज सिंह मय फोर्स पहुंचे और मृतक की बाइक से मिले कागजात के आधार पर परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। इस संबंध में चौकी प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि आत्महत्या के मामले की जांच की जाएगी।