यमुना में उफान से कई मार्ग बाधित
अमर उजाला ब्यूरो
मऊ/राजापुर। जिले में लगातार हो रही बारिश से यमुना नदी का जल स्तर बढ़ने से मऊ क्षेत्र व राजापुर क्षेत्र के दर्जनों गांव प्रभावित है। विकास खंड मऊ के परदवां मार्ग बाढ़ के पानी के कारण बाधित हो गया। पास में ही स्थित बरहा कोटरा गांव के मजरा खुरेटहटा के जलभराव होने लगा है। जिससे ग्रामीण भयभीत है। रास्ते में फंसे ग्रामीणों की मदद के लिए ऋषियन ट्रस्ट के कार्यकर्ता सहयोग कर रहे है।
नदी का जल स्तर शनिवार की रात तेजी से बढ़ने लगा है। किनारे बसे गांव बरियारीकला, मंडौर, बरहा कोटरा, खुरेहटा आदि गांव के आसपास जलभराव होने लगा है। मऊ परदवां मार्ग में नदी का पानी भर जाने से रास्ता बाधित हो गया है। रास्ते में फंसे महिलाएं व बच्चों को ऋषियन ट्रस्ट के कार्यकर्ता सहायता कर रहे हैं। बहरा कोटरा गांव के इंद्रेश त्रिपाठी ने ने बताया कि यमुना नदी में पानी बढ़ रहा है। यही हाल रहा तो बरहा कोटरा के मजरा खुरेहटा में पानी भर जाएगा। राजापुर क्षेत्र के गांव चिल्लमल, विलास, तीर घुमाई, नैनी, बिहरवा,बकटा खुर्द, हस्ता देवारी, सुरवल, खोपा, भदेदू, क नकोटा, युमना नदी के किनारे बसे हैं। अधिक बाढ़ आने से गांव में पानी अंदर तक आ जाता है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एएन गुप्त ने बताया कि यमुना नदी के खतरे का निशान 93.20 मीटर है। अभी पानी खतरे के निशान से काफी नीचे है।