फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में लगाई डुबकी

Sun, 09 Sep 2018 11:12 PM IST
लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में लगाई डुबकी
विज्ञापन
भदई अमावस्या के अवसर पर धर्मनगरी के रामघाट पर मंदाकिनी में डुबकी लगाने को उमड़ी भक्तों की भीड़, - फोटो : amarujala
विज्ञापन
 अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

चित्रकूट। जिले में चार दिन से हो रही बारिश से मंदाकिनी में उफान आने से सभी श्रद्धालु सशंकित थे लेकिन रविवार को खिली धूप ने सारी आशंकाओं को दरकिनार कर दिया। तड़के ही लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में डुबकी लगाकर स्वामी मत्यगयेंद्रनाथ स्वामी का जलाभिषेक किया। श्रद्धालु घर परिवार की कुशलता की मनौती मानते हुए कामदगिरी की परिक्रमा की। सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रही जिससे कोई अनहोनी नहीं हुई। खोही पीलीकोठी व कामतन मार्ग पर कई बार घंटे तक जाम लगा रहा। ट्रेन व बस की छत पर बैठकर श्रद्धालु अमावस्या मेले में पहुंचे।
  रविवार तड़के ही धर्मनगरी में लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में डुबकी लगानी शुरू किया। एक बारगी तो भीड़ का इतना दबाव बढ़ा कि सुरक्षा कर्मी नजर ही नहीं आए लेकिन इसके बाद इस पर नियंत्रण किया गया। एडीएम गणेश प्रसाद सिंह, डीआईजी मनोज तिवारी, एसपी मनोज कुमार झा, अपर एसपी बलवंत चौधरी ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। मेला क्षेत्र में बिजली कटौती जारी रही। शनिवार की रात के बाद रविवार को भी लगभग दो घंटे तक आपूर्ति बाधित रही।
विज्ञापन


किसानों ने अच्छी फसल की प्रार्थना की
चित्रकूट। भदई अमावस्या पर महोबा, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, फतेहपुर व कौशांबी जिले से आए सैकड़ों किसानों ने बताया कि खरीफ फसल बुआई के बाद अब अच्छे उत्पादन की प्रार्थना करने धर्मनगरी आए हैं। लगातार ज्यादा बारिश से फसल को नुकसान की संभावना है।
इस बार उम्मीद के मुताबिक इस बार भदई अमावस्या पर कुछ कम भीड़ दिखी। रविवार तड़के व दोपहर के बाद तो श्रद्धालुओं का दबाव मेला क्षेत्र में रहा लेकिन बीच में बडे़ आराम से बडे़ वाहन भी गुजर रहे थे। इस संबंध में भरत मंदिर के महंत दिव्यजीवन दास ने बताया कि प्रदेश के आधे हिस्से में बाढ़, मंदाकिनी नदी में भी कई बार बाढ़ आने और बारिश ज्यादा होने से किसानों को बुआई वाले खेतों की चिंता इसका कारण हो सकता है।

धूल के गुबार से श्रद्धालु परेशान
चित्रकूट। धर्मनगरी को जाने वाली प्रमुख सड़क बेड़ी पुलिया - सीतापुर मार्ग का एक बार फिर से काम पूरा न होने कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम खुल जाने से सड़क में कीचड़ तो नहीं रहा लेकिन धूल का गुबार उड़ने से श्रद्धालु परेशान हो गए।
बराह के हनुमान मंदिर के पास भंडारे का आयोजन
चित्रकूट। धर्मनगरी में आस्थावानों ने कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को भोजन व प्रसाद खिलाया। जिसमें बराह के हनुमान मंदिर के पास अंकित पांडेय, रामजी द्विवेदी, मोहित सक्सेना, रवि त्रिपाठी, राखी, आरती ने हजारों श्रद्धालुओं को पूड़ी सब्जी व बूंदी का प्रसाद बांटा। वहीं शहर के स्टेशन रोड स्थित गल्ला व्यापारी राजीव अग्रवाल, उमेश मिश्रा, राजेश केशरवानी, लक्ष्मी केशरवानी, रज्जन गुप्ता, रामनिहारे गुप्ता, श्याम लाल सिंह, आनंद गोयल, बृजकिशोर शिवहरे व  गुलाब चंद्र गुप्ताआदि ने दोपहर से शाम तक प्रसाद वितरित कराया। वहीं एमपी क्षेत्र में गाड़िया सड़कों में ही खड़ी कर देने से कई स्थानों में जाम का सामना करना पड़ा।

परिजनों को मिलाने का किया कार्य
चित्रकूट। यूपी क्षेत्र में तीन खोया पाया केंद्र खोला गया। जिसमें स्काउट गाइड के छात्र-छात्रों की बड़ी भूमिका रही। मेला में खोने वाले परिजनों को मिलाने का कार्य किया। स्काउट गाइड के शिक्षक सुरेश प्रसाद, लालमन, बृजेश कुमार, जयनारायण सिंह, राधेश्याम, अनिल कुमार सिंह आदि  ने भी कार्य किया।

नदी का जल स्तर नहीं बढ़ा
चित्रकूट। मंदाकिनी नदी का जल स्तर अमावस्या के दिन नहीं बढ़ा। जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस प्रशासन ने दो प्लाटून पीएसी टीम तैनात करने के साथ नाविकों को एलर्ट कर रखा था।
विज्ञापन


सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगी फोर्स
चित्रकूट। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 14 सीओ 155 सब इंस्पेक्टर, 26 थानाध्यक्ष, 405 कांस्टेबल, 10 महिला सब इंस्पेक्टर, 70 महिला कांस्टेबल, 48 यातायात सिपाही, 2 कंपनी पीएसी, 4 फायर टैंकर व गुप्तचर विभाग के तीन सब इंस्पेक्टर व 16 कांस्टेबल तैनात किए गए। यातायात की व्यवस्था के लिए 150 रोडवेज बसों के साथ चार मेला स्पेशल ट्रेंने चलाई गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें