लेखपालों ने कहा, सरकार चाहे जो करे, पहले हमारी मांग पूरी करे
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। आठ सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपालों की कलम बंद अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही। मुख्यमंत्री के नौकरी से हटाने के बयान पर नाराज लेखपालों ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार चाहे जो करे लेकिन पहले उनकी मांग पूरी करे। शनिवार धरने में लेखपालों ने प्रदेश सरकार के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मांगों के निराकरण कराने के बजाए सरकार नौकरी से हटाने की धमकी दे रही है।
जिला मुख्यालय सहित जिले की मानिकपुर, राजापुर, मऊ तहसील के लेखपालों ने तहसील परिसर के भवन में दिन भर धरना दिया। जिसमें जिला मुख्यालय में तहसील अध्यक्ष कर्वी नत्थू राम शुक्ला ने कहा सरकार लेखपालों की आवाज को दबाना चाहती है लेखपाल जायज मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे है। अब उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जगन्नाथ सिंह, पुरुषोत्तम शुक्ला, चंद्र भूषण पांडेय, फूलचंद्र, लव सिंह, शारदा प्रसाद, रामचरन, अजय शुक्ला, आदि मौजूद रहे।
उधर मानिकपुर में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों का अनिश्चित कालीन हड़ताल चल रही है। तहसील परिसर के भवन में लेखपालों ने धरना देकर प्रदेश सरकार का विरोध किया। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष अरविंद सिंह, संचालन राजकुमार वर्मा ने किया। इस मौके पर गौलाल तिवारी, लवलेश सिंह, महेंद्र प्रसाद, राजेंद्र सिंह, प्रहलाद शुक्ला, अशोक कुमार वर्मा, जितेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।