बारिश से मिली राहत बिजली कटौती ने रुलाया
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। जिले के शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश होने से गर्मी राहत मिली है। बच्चे घर से निकल कर बारिश का आनंद उठाया। सड़कों से गुजर रहे राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। दोपहर दो बजे तक जिले का तापमान 42 डिग्री रहा जो चार बजे लुढ़ककर 34 डिग्री तक पहुंच गया।
रविवार की शाम को तेज हवा चलने के साथ लगभग आधे घंटे तक बारिश शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में होने से गर्मी से राहत मिली। बच्चे घरों से निककर बारिश का मजा लिया। ठंडी हवाएं चलती रही। शहर के आसपास व मानिकपुर, भौंरी व पहाड़ी के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक बारिश हुई है। जबकि मऊ व बरगढ़ क्षेत्र में बारिश नहीं हुई। छोटी नालियों में अधिक पानी भर जाने से सड़कों में पानी भर गया। जिससे गंदगी फैल गई। हालांकि शाम को मौसम खुल जाने के कारण उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
इस बारे में जिला कृषि अधिकारी टीपी शाही ने बताया कि यह मानसून की बारिश नहीं है। बारिश होने से गर्मी से जरूर राहत मिली है। इस बारिश से किसानों को कोई फायदा नहीं होने वाला है।
बिजली की आपूर्ति रही बाधित
चित्रकूट। तेज हवा के साथ बारिश होने से बिजली की आपूर्ति शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बंद हो गई। देर शाम तक कई स्थानों पर बिजली की आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। बिजल न होने से पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति भी नहीं हो सकी।