आमने-सामने ट्रक, बाइक टकराईं, तीन घायल
अमर उजाला ब्यूरो
मऊ। थाना क्षेत्र के खोपा मार्ग पर आमने-सामने ट्रक- बाइक की टक्कर में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। दुर्घटना होते ही ट्रक समेत चालक भाग निकला जबकि तीनों घायल सड़क पर लगभग आधे घंटे तक पड़े रहे। इसके बाद वहां से गुजरे राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी में भर्ती कराया। दो की हालत गंभीर बनी है।
मऊ थानाक्षेत्र के खोड़ियन पुरवा निवासी रज्जू पुत्र रामलाल शनिवार की रात रिश्तेदार चनहट राजापुर निवासी विनोद पुत्र मुन्ना व खजुरिहा खुर्द निवासी कमल पुत्र रामलाल के साथ बाइक से ढ़ढवार गांव निमंत्रण पर गए थे। देर रात को गांव वापसी के दौरान सुरौंधा के पास खोपा के मुख्य मार्ग पर बाइक पहुंची तो मुख्यालय की ओर से तेज गति से जा रहे ट्रक की टक्कर बाइक पर लगी। जिससे तीनों बाइक सवार छिटककर दूर जा गिरे। इसी बीच ट्रक समेत चालक तो भाग निकला लेकिन घायल सड़क पर पड़े रहे। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अरुण पाठक टीम के साथ पहुंचे और तीनों को सीएचसी मऊ में भर्ती कराया। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। प्राथमिक इलाज के बाद रज्जू व विनोद की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया है।