चित्रकूट। नगरीय निकाय चुनाव में सत्यापति मतदाता सूची प्राप्त करना भी दावेदारों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। नियमानुसार दावेदार,अनुमोदक व प्रस्तावक को निकाय चुनाव कार्यालय से सत्यापित प्रतिलिपि लेने को बैंक में चालान करने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ रही है। मानिकपुर व राजापुर के दावेदारों को भी इसके लिए मुख्यालय के स्टेट बैंक में चालान जमा करने की वैद्यता है। जिससे दिनभर दावेदार चालान लिए बैंक में खड़े रहते हैं। इस परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी ने चालान जमा करने के लिए मानिकपुर व राजापुर के बैंक अधिकारियों को भी आदेश जारी कर दिया है।
निकाय चुनाव में अध्यक्ष व सदस्य पद का नामांकन करने के लिए दावेदार के साथ अनुमोदक व प्रस्तावक को भी अपने फार्म में चुनाव कार्यालय की सत्यापित मतदाता सूची संलग्न करनी पड़ती है। चुनाव लड़ने वाले अपने प्रस्तावक व अनुमोदक के नाम वाली मतदाता सूची को लेकर उसका निर्धारित शुल्क चालान के साथ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कर्वी की शाखा में जमा कर रहे हैं। इसके लिए राजापुर व मानिकपुर नगर पंचायत के दावेदारों को भी मुख्यालय के इसी बैंक में चालान जमा करने के लिए अधिकृत किया गया है। वार्ड सदस्य का चुनाव लड़ने वाले भोला नामदेव ने बताया कि चालान लिए दो घंटे तक बैंक में खड़े रहे। उसी लाइन में प्रस्तावक व अनुमोदक का भी चालान जमा करो तो बैंककर्मी डांटकर भगा देते हैं। जिससे समय व धन की बर्बादी हो रही है। मानिकपुर के अध्यक्ष पद के दावेदार संतोष गुप्ता व चुन्नू त्रिपाठी ने बताया कि पूरा दिन चालान जमा करने में ही लग गया। इस मामले में जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने समस्या की गंभीरता को देखते हुए आदेश जारी किया है कि मानिकपुर व राजापुर में भी स्टेट बैंक की शाखा है तो वहां के दावेदार वहीं चालान जमा करें। उन्हें मुख्यालय आने की जरूरत नहीं है। मानिकपुर निवासी प्रमोद त्रिपाठी व विनय गुप्ता ने बताया कि इस आदेश से सबका समय व धन बचेगा।
राजापुर-मानिकपुर बैंक में भी जमा होंगे चालान
- सत्यापित मतदाता सूची के लिए चालान जमा करने को थे सब परेशान
- जिलाधिकारी ने आदेश देकर दी राहत